वैभव सूर्यवंशी का लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक, महज 29 गेंदों में 94 रन ठोक दिए
घरेलू सहायिका की अस्मत से की खिलवाड़
कोलकाता। सिटी ऑफ जॉय कहे जाने वाले कोलकाता में महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवालिया निशान लग गया है। इस बार रक्षक ही भक्षक की भूमिका में नजर आ रहा है। महानगर के कसबा थाना क्षेत्र में कोलकाता पुलिस के एक कर्मी पर घरेलू सहायिका (आया) के साथ छेड़छाड़ और शीलभंग करने का संगीन आरोप लगा है। इस घटना ने न केवल पुलिस महकमे को शर्मसार किया है, बल्कि आम नागरिकों में भी भारी आक्रोश पैदा कर दिया है।
सोनारपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली पीडि़ता ने अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह एक आया सेंटर के माध्यम से आरोपी पुलिसकर्मी के घर खाना बनाने का काम करने गई थी। आरोप है कि एक दिन जब घर के अन्य सदस्य बाहर थे, तब आरोपी ने युवती को पीछे से दबोच लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती ने जब विरोध किया, तो आरोपी ने उसे डराने-धमकने के लिए उलटा चोर बताकर बदनाम करने की साजिश रची। पीडि़ता का दावा है कि आरोपी पुलिसकर्मी ने अपनी ताकत का दुरुपयोग करते हुए उससे जबरन एक सादे कागज पर लिखवा लिया ताकि भविष्य में वह शिकायत न कर सके। युवती ने ई-मेल के जरिए वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायत भेजी है। पीडि़ता के अनुसार, उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिसके कारण वह घर से निकलने में भी डर रही है। स्थानीय लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।